मनमानी पार्किंग पर अंकुश लगाने यातायात पुलिस ने तीन स्थलों पर की जांच कार्यवाही


कोरबा , जिले में दीपावली त्यौहार के मद्देनजर कोरबा शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसके अंतर्गत सर्वमंगला चौक, ध्यानचंद चौक और राताखार मार्ग सहित कई प्रमुख मार्गों पर नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर कार्यवाही की जा रही है।
जिले में त्यौहारों के दौरान बढ़ते यातायात दबाव और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यातायात पुलिस की टीम ने मनमाने ढंग से सडक किनारे पार्क किए गए वाहनों में व्हील लॉक लगाए और नियम तोडने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की। अधिकारियों ने बताया कि दीपावली और आगामी छठ पर्व को देखते हुए शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में यातायात नियंत्रण को लेकर यह सख्ती बरती जा रही है।
उक्त अभियान का उद्देश्य त्यौहारों के दौरान लोगों को जाम और अव्यवस्था से राहत दिलाना है। अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर कर रहे हैं, जबकि इसकी निगरानी उप पुलिस-अधीक्षक (यातायात) डी.के. सिंह के मार्गदर्शन में की जा रही है। अभियान में इंस्पेक्टर तेजस यादव, एएसआई मनोज राठौर, रामनारायण राठौर, ईश्वर लहरे और यातायात विभाग का पूरा स्टाफ सक्रिय रूप से शामिल है। यातायात पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें ताकि त्यौहारों की खुशियाँ किसी दुर्घटना में न बदलें।







